एआरटीओ कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कर्मचारी से पूछताछ करते सदर विधायक।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। सदर विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान दो बाहरी व्यक्ति कंप्यूटर पर कार्य करते हुए पकड़े गए। पूछताछ के बाद चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया। विधायक की इस कार्रवाई से कार्यालय में अफरातफरी मच गई।
सदर विधायक जय चौबे लगातार सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। एआरटीओ कार्यालय की भी शिकायतें मिली थीं। उसी के क्रम में वह एआरटीओ ऑफिस पहुंच गए। विधायक को देखकर कई बाहरी लोग कार्यालय छोड़कर भाग गए। कुछ कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। इस दौरान दो बाहरी व्यक्ति कंप्यूटर पर कार्य करते पकड़े गए।
पूछताछ में पता चला कि यहां के कर्मचारी उनसे काम कराते हैं। विधायक ने एआरटीओ से कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को खत्म करने में लगी है। आम जनमानस को आसानी से सरकारी सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए निरीक्षण किया जा रहा है और कमियां मिलने पर चेतावनी दी जा रही है।
इस दौरान दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता पहुंच गए और परिसर में पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। विधायक ने दो हैंडपंप लगवाने के साथ ही परिसर की तरफ जाने वाली सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया। इस दौरान अवधेश सिंह, महेंद्र पासवान, संजीव राय समेत अन्य मौजूद रहे।