संतकबीरनगर। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो वायरल करने के मामले में मुख्य आरोपी और जानमाल की धमकी के मामले में आरोपी के माता-पिता समेत सात लोगों के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी की कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
पीड़िता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया और कहा कि उसी के गांव का आरोपी कुछ दिन पूर्व शादी का झांसा देकर बहला-फुसला कर उसे मुंबई लेकर चला गया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने लगा। जब पीड़िता ने मना किया तो आरोपी ने उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया। पीड़िता के साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करने लगा। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इस बीच पीड़िता के घर वालों ने उसके लापता होने की सूचना स्थानीय थाना पर दिया। जिसकी जानकारी होते ही आरोपी उसे वापस लेकर आ गया और यहां भी पीड़िता पर संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। किसी तरह आपबीती अपने माता-पिता को बताई। जिस पर पीड़िता के माता-पिता उलाहना लेकर एक जुलाई 2024 को आरोपी के घर गए तो वहां आरोपी के पिता, माता और परिवार के अन्य सभी लोग अपशब्द कहते हुए जान से मार डालने की धमकी देकर अपमानित किए।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी नें थाना बेलहर कला की पुलिस को थाना बेलहर कला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम के रहने वाले मुख्य आरोपी तथा उसके माता पिता समेत सात सदस्यों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना किए जाने का आदेश दिया है।