- प्रेमिका पर सहयोगी संग मिलकर प्रेमी को घाघरा नदी में ढकेलने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र की रहने वाली प्रेमिका पर अपने सहयोगी के साथ मिलकर गांव के प्रेमी युवक को घुमाने के बहाने ले जाकर बिड़हर घाट पर घाघरा नदी में धक्का देकर गिराने का आरोप लगा है। प्रेमी युवक नदी में लापता हो गया। जबकि पुल पर उसकी बाइक मिली। पीड़ित पिता ने न्यायालय सिविल जज जूनियर डिविजन एफटीसी द्वितीय/ जे एम मोहम्मद फराज हुसैन की कोर्ट में आवेदन दिया। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश धनघटा पुलिस को दिया है।
अधिवक्ता योगेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि धनघटा क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने कोर्ट में आवेदन दिया। जिसमें कहा कि उसके बेटे का गांव की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती से प्रेम संबंध था। 15 अक्तूबर 2022 की देर शाम उसके घर पर बेटे की प्रेमिका अपने एक सहयोगी युवक के साथ पहुंची। आरोप है कि उसके बेटे को साजिश के तहत धनघटा बाजार घुमाने के बहाने ले गए। उसने लोगों पर विश्वास करके अपने बेटे को साथ जाने दिया।
काफी इंतजार करने पर बेटा घर वापस नहीं आया। खोजबीन करने पर पता चला कि उसकी बाइक धनघटा क्षेत्र के बिडहरघाट पर जहांगीरगंज की तरह खड़ी है। जबकि बेटा नहीं है। बेटे की प्रेमिका और सहयोगी युवक से पूछताछ किया तो उक्त लोगों ने धमकी दिया कि उसके बेटे को दोनों मिलकर बिडहरघाट पर ले जाकर घाघरा नदी में धक्का दे दिया है। इससे उसकी मौत हो गई। लाश भी गायब हो चुकी है।
पुलिस को शिकायत करने पर पूरे परिवार की हत्या करवा देने की धमकी दिए। इस मामले में पुलिस को तहरीर दिया तो पुलिस ने जांच कर हत्या का केस दर्ज करने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया। जरिए रजिस्ट्री एसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन पीड़ित पिता ने कोर्ट की शरण लिया। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ धनघटा पुलिस को मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया। साथ ही 15 दिवस के अंदर आख्या प्रस्तुत करने को कहा है।