स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल के चलते तीन दिन तक संयुक्त जिला चिकित्सालय की ओपीडी बंद रही है। शुक्रवार को हड़ताल समाप्ति के बाद शनिवार को ओपीडी खुली और चिकित्सकों ने मरीजों का इलाज किया। इस दौरान करीब आठ सौ मरीजों का इलाज हुआ।
गौरतलब है कि बघौली ब्लॉक में प्रधानों की बैठक में सीडीओ ने एएनएम पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर दिया था। इसको लेकर स्वास्थ्य कर्मियों ने रोष जताया था और कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए थे। स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल में चिकित्सक और फार्मासिस्ट एसोसिएशन भी आ गए थे और समर्थन में ओपीडी की सारी सेवाएं बंद कर दिए थे।
यह हड़ताल तीन दिनों तक चला और शुक्रवार को सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव की पहल पर सीडीओ ने सीएमओ कार्यालय पर पहुंच कर मामले में खेद जताया। जिसके बाद स्वास्थ्य कर्मी कार्य पर वापस लौटे। तीन दिनों तक जिला अस्पताल की ओपीडी बंद होने की वजह से मरीज हलकान रहे। कुछ मरीजों ने प्राइवेट अस्पतालों में जाकर इलाज कराया। शनिवार केे जिला अस्पताल के ओपीडी के हर कमरे में मरीजों ने लाइन लगाकर इलाज करवाया। सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दिया है। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बैठ कर मरीजों का इलाज किया।