संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 215 मामले आए, जिसमें से 17 का निस्तारण किया गया। डीएम अनुज मलिक की अध्यक्षता में धनघटा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना उपस्थित रहे। डीएम ने लोगों के प्रकरणों की सुनवाई करते हुए शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए डीएम ने शिकायत से संबंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद व अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण किया जाए।
धनघटा तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित 53 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से डीएम ने पांच का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए निस्तारित करवाया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्थानांतरित किया।
एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाए कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।
इस दौरान एसडीएम धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, तहसीलदार धनघटा प्रतिमा मौर्य आदि उपस्थित रहे। मेंहदावल तहसील पर विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी एवं एडीएम न्यायिक ज्ञानेंद्र विक्रम की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान 72 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें से आठ का निस्तारण करवाते हुए शेष संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित कर दिया गया।
इस दौरान एसडीएम सुधीर कुमार, सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्व दमन सिंह, तहसीलदार राम जी आदि उपस्थित रहे।
खलीलाबाद तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन सामान्य के शिकायतों की सुनवाई की गई। तहसील में 90 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से सात का निस्तारण कराते हुए शेष को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया गया तथा चार प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीम भेजा गया।
इस दौरान एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, प्रशिक्षु एसडीएम अभय सिंह, तहसीलदार अनुराग यादव आदि उपस्थित रहे।