संपूर्ण समाधान दिवस में आए 293 मामले, सिर्फ 48 का हुआ निस्तारणफोटो सहित
- पौधरोपण कर लिया सुरक्षा का संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 293 मामले आए, जिसमें से करीब 16 फीसदी मामले यानी 148 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी फरियादी अगली कार्यवाही के इंतजार में बैरंग लौट गए। अफसरों ने उनके मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया।
मेंहदावल में एसपी संदीप कुमार मीना व एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें एडीएम ने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने हिदायत दी कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति अधिकारी व कर्मचारी संवेदनशील रहें , इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न किया जाए।
मेंहदावल तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 122 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 18 प्रार्थना पत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। एडीएम ने 26 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की टीम भेजी। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई एसपी संदीप कुमार मीना ने किया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाए कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके। इस दौरान तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
खलीलाबाद में एडीएम वित्त व राजस्व सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। उन्होंने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न मामलों को सुनते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश दिए। यहां कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 10 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के लिए हस्तांतरित किया गया। नौ प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीम भेजने के लिए निर्देशित किया।
धनघटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई एसडीएम रविकांत चौबे ने की। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रुटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक मौके की जांच कर नियमानुसार निस्तारित हों। यहां पर कुल 63 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें मौके पर 20 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया।