सूर्या स्कूल में आन लाइन पढ़ाती शिक्षक
संतकबीरनगर(वि.)। शीतकालीन अवकाश के दौरान भी छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि अवकाश में छात्र-छात्राओं को शिक्षण से जोड़े रखने के उद्देश्य से नियमित ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि जो विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं से नहीं जुड़े हैं, वे शीघ्र इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। साथ ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि भले ही शीतकालीन अवकाश के चलते छात्रों की छुट्टियां घोषित हैं, लेकिन शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की गई हैं। विद्यालय के अनुभवी शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।