अब सीएचओ को लगानी होगी आनलाइन हाजिरी
- सुबह साढ़े नौ बजे व शाम साढ़े पांच बजे दर्ज करनी होगी उपस्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। हेल्थ वेलनेस सेंटर पर तैनात सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) को अब आनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक ने सीएमओ को पत्र भेजकर अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
मिशन निदेशक अर्पणा उपाध्याय ने कहा है कि आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भारत सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है।जनसमुदाय को उनके घर के समीप गुणवत्तापरक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उपकेंद्र स्तरीय वेलनेस सेंटरों पर कम्यूनिटी हेल्थ आफिसर की तैनाती की गई है।
जिनके द्वारा उपकेंद्र पर सुबह 9.30 बजे से शाम पांच 30 बजे तक नियमित कार्य एवं उत्तरदायित्व के अनुसार सेवाएं दी जा रही है। पत्र के अनुसार वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति डिजिटलाइज किए जाने के लिए अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम एप्लीकेशन विकासित किया गया है। ऐसे में अब सीएचओ की उपस्थिति आन लाइन एप के जरिए होगी।
इस संबंध में एसीएमओ डॉ. मोहन झा ने कहा कि मिशन निदेशक का पत्र मिला है, इसके अनुपालन के निर्देेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सीएचओ को इसका प्रशिक्षण भी मिल चुका है।