संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के माटीकला एवं माटी शिल्पकला के उद्यमियों, शिल्पियों के समन्वित विकास के लिए माटीकला टूल किट्स वितरण योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में चार सितंबर तक आनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की तरफ से इस योजना के अंतर्गत स्व:रोजगार में रुचि रखने वाले, परंपरागत कारीगर, परिवार की महिला जो जनपद के मूल निवासी हों, जिनकी उम्र 18 वर्ष से 50 वर्ष के मध्य हो व माटीकला का अनुभव, तकनीकी ज्ञान, विपणन की जानकारी रखने वाले इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक चार सितंबर तक विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में कार्यालय कार्य दिवस में उपस्थित होकर फोटो, आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र जमा करके आवेदन करा सकते हैं। उक्त तिथि के उपरांत प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।