लोहरौली। दुधारा बाजार में बुधवार की रात दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र के रजदेवा गांव निवासी रामदुलारे (45) पुत्र गुरुद्दीन मूड़ाडीहा बेग में किराये का कमरा लेकर रहते थे। बुधवार की रात करीब सात बजे वह दुधारा बाजार से खरीदारी कर अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की दूसरे बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में रामदुलारे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति भी घायल हो गया।
विज्ञापन
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से रामदुलारे को मूड़ाडीहा बेग स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दूसरे बाइक सवार के संबंध में जानकारी नहीं मिल सकी।
थानाध्यक्ष दुधारा सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार सत्यदेव की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।