बड़गो। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के चकदहीं में स्थित एक ढाबे के पास शनिवार की रात बाइक सवार दो युवकों अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के विषया हन्नू गांव के दिवाकर (18) पुत्र प्रेमनारायण और महुली थानाक्षेत्र के नाथनगर निवासी करन (18) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद अपने नाना पराग के साथ गंगा देवरिया में किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में आए थे। दिवाकर नाना से मोटरसाइकिल की चाबी मांग रहा था, लेकिन उन्होंने नहीं दिया।
शनिवार रात में एक बजे के करीब जब वह सो गए तो दोनों युवकों ने चाबी निकाली और बाइक लेकर बाहर निकालकर निकल गए। दोनों नेे हेलमेट नहीं लगाया था।
अभी वह चकदही स्थित ढाबा पर पहुंचे ही थे, कि विपरीत दिशा से आ रहे चारपहिया वाहन चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दिवाकर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में करन को जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से उन्हें मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि वह दसवीं का छात्र था और नाथनगर में अपने मामा के यहां रहकर पढ़ता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।