- दुधारा क्षेत्र के छाता गांव की घटना, बाग में खेल रही थीं
- झुलसी बच्चियों में दो सगी बहनें शामिल
- अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
सेमरियावां। दुधारा क्षेत्र के छाता गांव स्थित बाग में रविवार को पेड़ पर बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगी बहनों समेत चार बच्चियां झुलस गईं। बच्चियों को सीएचसी सेमरियावां उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार एवं एसओ दुधारा ने घटनास्थल का मुआयना किया। परिजनों को सरकारी मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छाता गांव में उत्तर की तरफ एक बाग है। यहां सायमा खातून (17) पुत्री सैयद रजा, आशामनि (11) पुत्री जगनरायन, जानवी (7) पुत्री जगनरायन, आयुषी उर्फ (6) सुष्मिता पुत्री सत्यनरायन, सुहानी (8) पुत्री सुरेश आम के बगीचे में खेल रहे थे। सुबह 11 बजे पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आकर किशोरी सायमा खातून व दो सगी बहनें समेत चारों बच्चियां झुलस गईं।
सायमा खातून निवासी अमरडोभा थाना बखिरा की मौके पर मौत हो गई। सायमा नानी के घर रहती थी। वहीं सुहानी व आयुषी उर्फ सुष्मिता गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज गोरखपुर भेज दिया गया है। सुहानी की हालत नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा दो सगी बहनें आशामनि व जानवी को सीएचसी सेमरियावां से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
बिजली गिरने से हुई मौत पर गांव में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग सदमे में डूब गए। मौके पर तहसीलदार खलीलाबाद जनार्दन मौर्य ने पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। परिजनों को ढाढ़स बंधा कर हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
छाता गांव वालों के मुताबिक रविवार को सुबह 11 बजे काले बादल छाए थे। गर्मी के चलते बच्चे व बूढ़े गांव के पास स्थित बाग चले जाते हैं। किशोरी व चार बच्चियां भी बाग में खेल रही थीं। अचानक कड़क के साथ बिजली गिरी, जिससे यह हादसा हो गया।
नाना के घर रहकर बूढ़ी नानी की देखभाल करती थी सायमा
बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा गांव निवासी मृतका सायमा नाना की मौत के बाद नानी साबेरा खातून (78) की देखभाल करती थी। नानी की दो बेटियाें की शादी हो चुकी है। सायमा की नानी साबेरा ने बताया कि एक बेटी नजरुन्निशा मृतका सायमा खातून की मां है वह अपने बच्चों के साथ छाता गांव में रह रही हैं। नानी के मुताबिक सायमा बाग में खेलने गई थी। बिजली काल बनकर बरस पड़ी, जिसमें नातिन की मौत हो गई। वहीं सायमा की मां शनिवार को अमरडोभा गांव गई थीं। सयमा की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
झुलसी दो सगी बहनों के पिता की है तेरहवीं
बिजली गिरने से झुलसीं दो सगी बहनों आशामनि व जानवी के पिता जगनरायन की रविवार को तेरहवीं थी। परिवार के लोग इसमें व्यस्त थे। इसी बीच बच्चियां बाग में खेलने चली गईं और बिजली के चपेट में आने से झुलस गईं। बच्चियां के झुलसने की जानकारी होने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
आकाशीय बिजली गिरने से दुधारा क्षेत्र के छाता गांव में एक किशोरी की मौत हो गई है, जबकि चार बच्चियां झुलस गई हैं। मृतका के परिजनों को चार लाख रुपये सरकारी मदद दी जाएगी। वहीं झुलसी बच्चियों को इलाज में सरकारी मदद दी जाएगी। मामले में तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गई है।
- शैलेष कुमार दूबे, एसडीएम, खलीलाबाद