जिला अस्पताल से दोनों घायल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटी सरौली के पास शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में स्कूटी सवार एक शख्स की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए।
कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र के गिदहा निवासी 45 वर्षीय मुन्नू शर्मा पुत्र विश्वनाथ शर्मा खलीलाबाद में मजदूरी करते थे। वह नेहरू इंटर कॉलेज के पास मिश्रौलिया में किराये पर कमरा लेकर परिवार समेत रहते थे। शुक्रवार देर शाम उनके साले 50 वर्षीय अमरनाथ शर्मा पुत्र संवारू निवासी भरवल पर्वता धनघटा के पेट में दर्द हो रहा था। बीमार साले अमरनाथ को बहनोई मुन्नू शर्मा और मिश्रौलिया गांव निवासी महेंद्र चौहान स्कूटी से लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटी सरौली मोड़ के पास अज्ञात बाइक ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। हादसे में स्कूटी सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
डॉक्टरों ने मुन्नू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलोंं का प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर आए प्रदीप आदि ने बताया कि मृतक के पास तीन बेटियां और इकलौता 20 वर्षीय बेटा राज है। पत्नी देवंता का रो- रोकर बुरा हाल था। कोतवाल ने बताया कि पीड़ित पत्नी देवंता की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है।