धरना देते भाजपा नेता, समझाते एसओ और बीडीओ-संवाद
धनघटा। एडीओ पंचायत हैंसर बाजार को हटाए जाने की मांग को लेकर भाजपा नेता शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठ गए। करीब एक घंटे बाद खंड विकास अधिकारी और थाना प्रभारी ने समझौता कराकर धरना समाप्त कराया।
भाजपा नेता पंकज पांडेय का कहना है कि एसआईआर के कार्य में एडीओ पंचायत स्तर से लापरवाही बरती जा रही है। यहां आने वाले लोगों को बगैर उनका फार्म जमा किए वापस कर दिया जा रहा है। जब तक एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव यहां से हटाए नहीं जाएंगे तब तक यहां का कार्य सही ढंग से नहीं होगा। दूसरी तरफ एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव ने बेवजह सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप पंकज पांडेय पर लगाए। एडीओ पंचायत का कहना है कि जो लोग एसआईआर कराने के लिए आ रहे हैं उनका कार्य नियम अनुसार किया जा रहा है। करीब एक घंटे तक चले धरना की जानकारी पुलिस को हुई तो थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे धरना स्थल पर पहुंचे और खंड विकास अधिकारी के के दुबे के साथ समझा बुझाकर धरना समाप्त कराए। इस मौके पर एडीओ पंचायत भी मौजूद रहे। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी के के दुबे का कहना है कि किन्ही कारणों से कुछ देर के लिए लोग धरना पर बैठ गए थे। जिन्हें समझा बुझाकर धरना को समाप्त करा दिया गया।