- एसीएमओ की टीम ने की कार्रवाई, मेंहदावल कस्बा, नेदुला तिराहा व चुरेब बाजार में मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को डीएम के निर्देश पर बिना पंजीकरण चल रहे अस्पताल व पैथोलॉजी सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान बिना पंजीकरण के चल रहे एक अस्पताल व सात पैथोलॉजी सेंटर को सील कर दिया।
अपर सीएमओ डाॅ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ डाॅ. शैलेंद्र कुमार सिंह, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डाॅ. मुबारक अली के अलावा राजेंद्र प्रसाद की टीम पहले मेंहदावल कस्बे में पहुंची। जहां पर केयर पैथोलॉजी, लाइफ, सिग्मा, सदभावना, स्टार व निशांत पैथोलॉजी की जांच की। इन केंद्रों पर पैथोलॉजिस्ट नहीं मिले। अप्रशिक्षत कर्मी जांच कर रहे थे। अपर सीएमओ डॉ. रामरतन ने बताया कि इन केंद्रों के संचालकों को पहले नोटिस दी गई थी। जिसमें कहा गया था कि सभी लोग एक सप्ताह के अंदर विभाग में पंजीयन करवा लें। लेकिन इन लोगों ने पंजीकरण नहीं कराया। इन केंद्रों को सील कर दिया गया है।
इसके बाद टीम चुरेब बाजार स्थित आदर्श पैथालॉजी पहुंची। यहां भी पंजीकरण नहीं मिला। इसे भी सील कर दिया। इसके अलावा खलीलाबाद के नेदुला तिराहा स्थित लक्ष्मी हाॅस्पिटल में स्वास्थ्य टीम पहुंची। अस्पताल संचालक ने कागजात मांगने पर कोई कागज नहीं दिखा पाए। जिस पर टीम ने इसे भी सील कर दिया। अपर सीएमओ ने बताया कि आगे भी छापा मारा जाएगा।