मेंहदावल में हादसे के बाद मृतक के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : KHALILABAD
हादसे में पिता की मौत, मासूम बेटा घायल
- डंफर की चपेट में आने से बनकटा गांव के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। बीएमसिटी मार्ग पर गुरुवार को बनकटा गांव के पास डंफर की चपेट में आने से बाइक सवार पिता की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा मासूम बेटा घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग पहुंच गए और घायल बेटे को सीएचसी मेंहदावल भेजवाया। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंफर और चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुधारा थाना क्षेत्र के बूढीबेलहर निवासी 28 वर्षीय गोरखनाथ पुत्र संतराम गुरुवार की सुबह अपने पांच वर्षीय बेटे को बाइक पर बैठाकर कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजुरगांवा के टोला दूबेपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। अभी वह मेंहदावल क्षेत्र के बनकटा गांव स्थित बीएमसिटी मार्ग पर पहुंचे ही थे कि उसी दौरान डंफर को ओवरटेक करने के प्रयास में चपेट में आ गए। डंफर का पहिया बाइक चालक के सिर पर चढ़ गया। हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई जबकि मासूम बेटा घायल हो गया। लोगों ने आनन-फानन में घायल मासूम को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट पहना था लेकिन सिर पर पहिया चढ़ जाने से उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार गौतम पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने डंफर और शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की आठ वर्षीय बेटी निशा ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है। गोरखनाथ अपने बेटे को लेकर ससुराल जा रहे थे। वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित परिजनों ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
00000000
शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
बेलहर। मेंहदावल क्षेत्र के बनकटा के पास हुए हादसे में मौत के शिकार युवक का शव जब शाम को गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी सुमन तो बेसुध हो जा रही थीं। मृतक गोरखनाथ तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। भाई और मां के भी आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।