जिलाअस्पताल में मृतक के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : KHALILABAD
करंट की चपेट में आने से एक की मौत
- घर पर हैंडपंप की बोरिंग कराते समय हुई घटना
- कोतवाली क्षेत्र के खम्हरिया गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कांटे चौकी अंतर्गत खम्हरिया गांव में रविवार की सुबह हैंडपंप की बोरिंग के दौरान करंट लगने से एक व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। जिसे परिजन जिला अस्पताल ले गए जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खम्हरिया गांव के टिकोरी (47) पुत्र चंद्रिका रविवार की सुबह अपने घर पर हैंडपंप की बोरिंग करा रहे थे। वह भी मजदूरों के साथ हाथ बंटा रहे थे। जहां पर हैंडपंप की बोरिंग हो रही थी उसके ऊपर से हाईटेंशन तार गया हुआ था। हैंडपंप की बोरिंग के दौरान पाइप तार से सट गया। जिससे उसमें करंट उतर गया और टिकोरी उसकी चपेट में आ गए। करंट का झटका लगने से वह जमीन पर गिर गए। घटना की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टिकोरी के साथ आए उनके भतीजे अरविंद ने बताया कि करंट लगने से उसके चाचा की मौत हो गई है। टिकोरी के दो बेटे और दो बेटियां है। उनकी पत्नी घटना के बाद बदहवास थी। अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस ने पीआई भेजकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।