सिद्धार्थनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य और पेय पदार्थ के विक्रय पर रोकथाम के लिए सोमवार को छापेमारी की। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर टीम ने शहर के खजुरिया रोड स्थित दुकान पर मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर 160 किग्रा खोआ नष्ट कराया। इसके साथ ही थरौली के वन विभाग कॉलोनी स्थित दुकान से 124 किग्रा नमकीन मानक के अनुरूप न मिलने पर सीज की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आरएल यादव व खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार चौधरी की टीम ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खजुरिया रोड स्थित दुकान से खोआ का एक नमूना संग्रहीत किया।
साथ ही मौके पर स्वच्छता नहीं मिलने और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने की स्थिति को देखते हुए 160 किग्रा खोआ नष्ट करा दिया। टीम ने थरौली स्थित वन विभाग चौराहे से नमकीन का एक नमूना संग्रहीत करते हुए 124 किग्रा नमकीन मानक के अनुरूप नहीं होने पर सीज की।
टीम ने बताया कि नमूने की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने व मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने के प्रति जागरूक किया।