नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद रहे।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण की नामांकन प्रक्रिया के छठवें दिन मंगलवार को नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जबकि आठ नामांकन पत्र खरीदे गए। नामांकन दाखिल करने वालों में खलीलाबाद सीट से छह, मेंहदावल सीट से दो और धनघटा सीट के लिए एक प्रत्याशी ने नामांकन किया। दूसरी तरफ तीनों विधान सभा क्षत्रों से आठ लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किया ।
मंगलवार को धनघटा विधानसभा सीट का खाता खुल गया और यहां से सबसे पहले बसपा प्रत्याशी नीलमणि ने नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि खलीलाबाद सीट से पीस पार्टी से डॉक्टर मोहम्मद अयूब, बसपा के मशहूर आलम, एमआईएमआईएम के तफ्सीरूल्लाह, सीपीआई के विजय कुमार शुक्ला के साथ ही धर्मेंद्र कुमार व अमृता सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। वहीं मेंहदावल सीट के लिए राष्ट्रीय लोकदल के अकरम हुसेन और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मुकेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के आस-पास बैरिकेडिंग कर सभी रास्तों को बंद कर दिया गया था। मुख्य द्वार से सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक को ही प्रवेश मिल सका, वह भी गहन तलाशी के बाद। नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट को जाने वाले मार्गों पर भी आवागमन पूरे दिन बाधित रहा। डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि छठे दिन कुल आठ लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किया है। जबकि नौ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।