विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण की नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन बुधवार को तीनों विधानसभा सीटों पर 18 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जबकि सात पर्चे खरीदे गए। नामांकन दाखिल करने वालों में खलीलाबाद सीट पर चार, मेंहदावल सीट पर 12 और धनघटा सीट पर दो नामांकन हुए।
विधानसभा चुनाव के लिए दो फरवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन बुधवार को नामांकन में तेजी आ गई। खलीलाबाद सीट पर भाजपा से दिग्विजय नारायण चौबे, भारतीय सुभाष सेना से राम स्वार्थ, एआईएमआईएम से तफ्सीरूल्लाह और वैद्यनाथ तिवारी (निर्दलीय) ने पर्चे भरे। वहीं मेंहदावल सीट से सपा से लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद, सपा से ही जयचंद्र उर्फ जयराम पांडेय, पीस पार्टी से मोहम्मद इरफान, एआईएमआईएम से मोहम्मद ताबिश खां, जयहिंद समाज पार्टी से श्रीनिवास, बहुजन मुक्ति पार्टी से जावेद अहमद, सुभाष सेना से राम वचन के साथ ही राम कृष्ण, अजय कुमार, अवधेश, राजाराम, अमित कुमार ने निर्दलीय के रूप में नामांकन किया। इसी प्रकार धनघटा सुरक्षित सीट से बहुजन मुक्ति पार्टी से जोखू प्रसाद और अजय कुमार ने निर्दलीय के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के आसपास बैरिकेडिंग कर सभी रास्तों को बंद कर दिया गया था। मुख्य द्वार से सिर्फ गहन तलाशी के बाद प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक को ही प्रवेश मिल सका। नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट को जाने वाले मार्गों पर भी आवागमन पूरे दिन बाधित रहा। डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि सातवें दिन कुल सात लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किया है। जबकि 18 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।