संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बघौडा के प्रधान को गांव के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि प्रधान अनुसूचित जाति उत्पीड़न मुकदमे में गवाह बनने से लोग नाराज थे। प्रधान ने पुलिस पर इस मामले में कार्रवाई न करने का आरोप लगाते एसपी को प्रार्थनापत्र भेज कर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रधान महेंद्र कुमार का आरोप है कि उनके गांव के रंगीलाल पुत्र हिरई को गांव की कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इस मामले में रंगीलाल ने एक ही परिवार के चार लोगों पर मारपीट व अनुसूचित जाति उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। मामले का विवेचना करने जब पुलिस मौके पर गई तो उन्होंने अत्याचार का शिकार हुए पीड़ित रंगीलाल के पक्ष में गवाही कर दी।
इससे नाराज लोग 28 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे घर पर गोलबंद होकर चढ़ आए। जब उन लोगों को दरवाजे पर चढ़कर विवाद करने से मना किया तो मारपीट पर आमादा हो गए। आरोप है कि विपक्षी प्रधान को मारने पीटने लगे। जिससे बचाव के लिए जब वह घर में गए तो हमलावर घर में घुसकर इस कदर पीटे कि उनके हाथ और पैर में गंभीर चोट आई।
पीड़ित प्रधान ने घटना की जानकारी उसी दिन पुलिस को दी, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस तभी से मुकदमा दर्ज करने के लिए थाने पर दौड़ा रहीं है। कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। थानाध्यक्ष केडी सिंह का कहना है कि इस संबंध में न तो कोई तहरीर मिली है और न ही किसी तरह की जानकारी है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।