धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के देऊरा गांव निवासी मृतक करिया पासवान की फाइल फोटो।
धर्मसिंहवां। क्षेत्र के देउरा निवासी एक 85 वर्षीय वृद्ध का शव सोमवार को सरयू नहर में मिला। वृद्ध सुबह शौच के लिए घर से निकला था। अनुमान लगाया जा रहा है कि नित्य क्रिया के बाद पानी छूने के लिए नहर में उतरने पर पैर फिसल जाने के कारण डूबने से वृद्ध की मौत हो गई होगी। पुलिस ने पंचनामा कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। देऊरा निवासी रामबेलास ने बताया कि उसके पिता करिया पासवान (85) सुबह पांच बजे नित्य क्रिया के लिए घर से निकले थे। सुबह आठ बजे तक जब घर नहीं आए तो शंका होने लगी। परिवार के लोग खोजबीन करने लगे। कई जगहों पर पता लगाने के बाद दोपहर लगभग दो बजे करिया पासवान का शव गांव के दक्षिण नहर पुलिया के पास पानी में उतराया देखा गया। पुलिस को दी सूचना में रामबेलास ने बताया कि नित्य क्रिया के बाद पिताजी पानी छूने के लिए नहर में उतर रहे होंगे और पैर फिसलने के कारण डूबने से उनकी मौत हो गई। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस ने गांव के लोगों से पंचनामा कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव परिवार वालों को सौंप दिया।