हादसे में वृद्धा की मौत, किशोर घायल
महुली क्षेत्र के घोरहट ईंट भट्ठे के पास हुआ हादसा
धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के घोरहट ईंट भट्ठे के पास बृहस्पतिवार को कार की चपेट में आने से बाइक पर पीछे बैठी वृद्धा की मौत हो गई। बाइक चालक किशोर घायल हो गया।
चेरापुर गांव निवासी 60 वर्षीय पवित्रा देवी गांव के ही एक किशोर के साथ बाइक पर पीछे बैठकर महुली दवा लेने गई थीं। दवा लेकर घर लौट रही थीं। घोरहट ईंट भट्ठे के पास पहुंचे थे। उसी दौरान पीछे से कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में पवित्रा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जबकि बाइक चालक को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पीड़ित परिजन भी पहुंच गए। परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर लेकर गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल वृद्धा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी डॉक्टरों ने उपचार के बाद घायल वृद्धा को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। प्रधान पति संचित गुप्ता ने बताया कि महिला का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है।