दुधारा क्षेत्र के पिपरा बोरिंग-बघौली मार्ग पर हुई घटना
शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे बुजुर्ग
फोटो है
अमर उजाला ब्यूरो
भिटवा बाजार। दुधारा थाना क्षेत्र के पिपरा बोरिंग- बघौली मार्ग पर मंगलवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बाइक चला रहा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
गुजरात के अहमदाबाद जिले के भवानी नगर ठक्कर बापानगर निवासी गोस्वामी कमला गिरी जय नारायण (71) शादी समारोह में शरीक होने बखिरा क्षेत्र के रानीपुर गांव में आए हुए थे। वह मंगलवार को वापस गुुजरात जा रहे थे। उन्हें स्टेशन छोड़ने के लिए रानीपुर निवासी संजय विश्वकर्मा बाइक पर बैठा कर ले जा रहे थे। अभी दोनों लोग पिपरा बोरिंग-बघौली के निकट पहुंचे थे कि पीछे से ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे बाइक पर बैठे गोस्वामी कमला गिरी जय नारायण सड़क पर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे संजय विश्वकर्मा बाल-बाल बचे। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। घटना के बाद आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं ट्रक चालक ट्रक खड़ा कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी एसओ अवधेश पांडेय ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।