संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें निर्देश दिए गए कि कुंभ मेला के मद्देनजर हाईवे पर दुर्घटना आदि से निपटने के लिए क्रेन और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।
डीएम ने एआरटीओ एवं यातायात पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया कि ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाए। जनपद के शहरी भाग में चिह्नित स्थानों पर जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, नियमित चेकिंग की जाए की रिचार्ज है कि नहीं। उन्होंने सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में घायल को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। डीएम ने जनपद में डंपिंग यार्ड बनाए जाने के संबंध में जमीन चिन्हित कर कार्रवाई किए जाने के लिए भी संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
उन्होंने टैक्सी स्टैंड का स्थान चिह्नित करते हुए आधारभूत सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाने के बिंदु पर बताया गया कि इस दिशा में कार्य प्रगति पर है। सड़कों पर गलत साइड एवं नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का नियमित तौर पर जांच कर चालान किया जाए तथा चालान किए गए वाहनों की संख्या को भी दर्शाया जाए। एआरटीओ एवं संबंधित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में अभियान चलाकर माल वाहक गाड़ियों के पीछे विशेष तौर पर ट्रैक्टर ट्राली के पीछे रिफ्लेक्टर पट्टी लगाया जाए।
बैठक में ईओ नगर पालिका खलीलाबाद अवधेश कुमार ने बताया कि शहर में 15 सामुदायिक शौचालय बनाए जाने के लिए जगह को चिह्नित किया गया है। पीडब्लूडी एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि शहर के चौराहों एवं संकरी सड़कों को चौड़ीकरण करने की ऐसी योजना बनाई जाए, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या न हो। एसपी सत्यतजीत गुप्ता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रंबल स्ट्रिप बनाया जाए।
इस दौरान सीओ अजीत चौहान, एक्सईएन लोनिवि आरके पांडेय, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, यातायात निरीक्षक परमहंस, ईओ अवधेश भारती, विमल कुमार, एनएचआई के चंदन कुमार आदि मौजूद रहे।