दायित्वों का निर्वहन करें अधिकारी
निकाय चुनाव के लिए आरओ व एआरओ को दिया गया प्रशिक्षण
संतकबीरनगर। विकास भवन सभागार में सोमवार को डीएम प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें उनके कार्यों और दायित्वों से संबंधित जानकारी दी गई।
डीएम ने निर्वाचन आयोग के निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित कराने का संपूर्ण दायित्व रिटर्निंग अधिकारी का है। उन्होंने समस्त आरओ व एआरओ को नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों की नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों का दाखिला, जांच, नाम वापसी एवं प्रतीक चिह्न आवंटन का कार्य जनपद के निकाय से संबंधित तहसील मुख्यालय में स्थापित निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 प्रक्रिया से संबंधित बिंदुओं पर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उम्मीदवारों, आवेदकों की योग्यता, नाम निर्देशन पत्र के साथ संलग्न दस्तावेज व प्रमाण पत्र सहित अन्य संबंधित कार्यों की जानकारी आरओ व एआरओ को उपलब्ध कराते हुए प्रशिक्षित किया गया।
इस दौरान सीडीओ अतुल मिश्र, डीडीओ सुदामा प्रसाद, उप कृषि निदेशक लोकेंद्र सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा सहित आरओ व एआरओ आदि मौजूद रहे।