संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को सीडीओ संत कुमार की अध्यक्षता में विकास एवं लाभार्थी परक योजनाओं सहित सभी विभागों की समीक्षा हुई। इसमें एक-एक कर विभागों की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों को निरीक्षण करते रहने का निर्देश दिया।
सीडीओ संत कुमार ने प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना (सोलर पंप योजना), खरीफ कार्यक्रम, बखिरा एग्रीकल्चर इन्वेस्टमेंट प्लान एवं आधुनिक कृषि सहित कृषि निवेश व्यवस्था के तहत फसली ऋण योजना, कृषि यंत्रीकरण एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय, किसान समृद्धि योजना सहित विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में प्रगति एवं लक्ष्य के सापेक्ष वितरण आदि की स्थिति की आकड़ेवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में मांग के अनुसार बीजों की पर्याप्त उपलब्धता है फिर भी आवश्यकतानुसार समय को देखते हुए उर्वरक एवं बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। समीक्षा के दौरान मृदा परीक्षण के बिंदु पर सीडीओ ने निर्देश दिया कि मृदा परीक्षण के अंतिम रिपोर्ट से संबंधित किसान को कृषि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के जरिए अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। डीपीआरओ को सामुदायिक शौचालयों की संचालन व्यवस्था के लिए औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायतों में निर्मित ग्राम सचिवालय के क्रियाशील करने की दिशा में प्रगति का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों को क्रियाशील रखा जाए।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण की स्थिति, गोशालाओं का निर्माण, हरे चारे की उपलब्धता, चारे की बोआई के लिए जमीन की उपलब्धता, पशुओं का टीकाकरण, मुख्यमंत्री सहभागिता योजनांतर्गत गोवंशों की सुपुर्दगी, जनपद में अंडा उत्पादन, कृत्रिम गर्भाधान सहित संचालित समस्त योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, डीडीओ सुरेश चंद्र केसरवानी, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, सीवीओ डाॅ. यशपाल सिंह, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, उप कृषि निदेशक राकेश सिंह, बीएसए अमित सिंह, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।