मेंहदावल। बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में एसडीएम सुधीर कुमार की अगुवाई में पर्यवेक्षकों की तैयारी बैठक हुई। जिसमें स्वगणना की गति को तेज करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
एसडीएम ने सभी पर्यवेक्षकों से कहा कि जनगणना 2027 को लेकर अब तैयारी काफी तेज हो चुकी है। इसे सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से लें। जनगणना करने वाले पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की ट्रेनिंग हो चुकी है।
देश में पहली बार डिजिटल प्लेटफॉर्म से होने जा रही जनगणना में किसी को प्रगणक को घर आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगले माह से लोग खुद अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे स्वगणना कर सकेंगे। दूसरे चरण में 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा रहेगी। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना के 40 सवाल पूछेंगे और स्वगणना का सत्यापन भी करेंगे। जो व्यक्ति जहां रहता है, उसकी गणना वहीं होगी।