फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुद को जनता का सेवक मानें अफसर : प्रभारी मंत्री

Sun, 26 Mar 2023 12:09 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संतकबीरनगर। जिले की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी रवैया बदल लें। एसडीएम फोन ऑन रखें। अधिकारी अपनी ड्यूटी समझें और खुद को जनता का सेवक मानें। फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। जनता की समस्याएं सुनकर समाधान कराएं। ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि अधूरी परियोजनाओं और कार्य की सुस्ती के लिए जवाबदेही तय होगी। यदि कार्यदाई संस्था की ओर से लापरवाही बरती गई तो उसके जवाबदेह पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी मंत्री शनिवार को कलेक्ट्रेट में बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रही थीं।
उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद वह जिले में आएंगी और जो योजनाएं संचालित हो रही हैं, उनकी जानकारी मांगेगी। इसमें अधूरी परियोजनाएं कब से शुरु हुईं और कब पूर्ण होनी थी, समय से पूर्ण क्यों नहीं हुईं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, वह तय होगा। जिले में बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति और जलजीवन मिशन योजना की स्थिति से अवगत होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। एक्सईएन बिजली और एक्सईएन जलनिगम से कहा कि व्यवस्था सुधारें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी। कहा कि मगहर में नौ महीने पूर्व जिन-जिन परियोजनाओं का लोकार्पण तत्कालीन राष्ट्रपति ने किया था, उनकी देखरेख के लिए हस्तांतरण में जो दिक्कतें हैं, उन्हें दूर कराने का प्रयास होगा। जिला मुख्यालय पर रोडवेज बस अड्डा बनाए जाने की पहल होगी।
विज्ञापन

बघौली क्षेत्र में पोषाहार वितरण न किए जाने पर वह नाराज हुईं। बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को चेताया कि कार्यशैली में सुधार लाएं। पीडब्लूडी विभाग के एक्सईएन को बताया कि सड़कों की दशा सुधारें। घोटाला और भ्रष्टाचार कतई सहन नहीं किया जाएगा। सरकार की जो भी योजनाएं संचालित हो रही हैं, उनमें बिचौलियों के लिए कोई जगह नहीं है। पारदर्शी ढंग से योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाएगा। सरकार योजना बनाती है और उसे धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी अधिकारियों और कर्मचारियों की है। वर्ष 2014 का चुनाव आ रहा है। हमें जनता के बीच जाना है। ऐसे में एक-एक विभाग अपनी योजनाओं को देखे और ठीक ढंग से क्रियान्वित कराएं। ब्लॉक में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर की शिकायत हुई। सांथा में बीडीओ का स्थानांतरण हो जाने की वजह से वहां स्थाई बीडीओ की तैनाती की मांग हुई।
सीडीओ संत कुमार ने बताया कि बीडीओ सांथा अभी रिलीव नहीं हुए हैं। उनकी जगह पर जब कोई बीडीओ आएंगा, तभी रिलीव किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने एसओ धनघटा की शिकायत की। कहा कि वह कार्यकर्ताओं की कॉल रिसीव नहीं करते। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पुलिस वालों को वर्दी का रौब नहीं होना चाहिए। एसपी को मामले को देखने के लिए कहा। इस दौरान सांसद प्रवीण निषाद, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक गणेश चंद चौहान, डीएम संदीप कुमार, एसपी सत्यजीत गुप्ता, एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, सीडीओ संत कुमार, सांसद प्रतिनिधि के आनंद तिवारी, मंटू राय, दयाराम, नीलमणि प्रसाद, सुधांशु सिंह आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें