यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए बने हैं 92 केंद्र
आपत्तियों के निस्तारण के लिए जिला समिति के समक्ष भेजी गई फाइल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में 92 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 30 नवंबर तक आपत्ति मांगी गई थी। कुल 80 लोगों ने आपत्ति की है। इसमें ज्यादातर लोगों ने परीक्षा केंद्र की दूरी पर सवाल उठाए है। आपत्तियों का निस्तारण जनपदीय समिति करेगी।
यूपी बोर्ड ने 24 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी थी। जिले में कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर केंद्रों की सूची अपलोड भी कर दी गई थी। इस पर 30 नवंबर तक आपत्ति मांगी गई थी। जिला विद्यालय निरीक्षक संदीप चौधरी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 92 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इसमें आठ राजकीय विद्यालय, एक आश्रम पद्धति विद्यालय, 31 सहायता प्राप्त विद्यालय और 52 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।
इन केंद्रों पर आपत्ति मांगी गई थी। कुल 80 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। ज्यादातर आपत्ति परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर है। किसी ने आपत्ति में कहा है कि उनके स्कूल से 15 किलोमीटर दूर केंद्र बनाया गया है तो किसी ने 10 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र बनने पर आपत्ति की है। आपत्तियों के निस्तारण का कार्य जिला समिति करेगी। डीएम के पास फाइल प्रस्तुत कर दी गई है। इस बार जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों की संख्या 57,988 है।