संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की कार्यशैली में अनुशासन लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सभी सरकारी माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारी केवल मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही किसी प्रकार की छुट्टी ले सकेंगे।
फोन या कागजी आवेदन पत्र के जरिए अवकाश लेने की परंपरा को विभाग ने समाप्त कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इस नई व्यवस्था के तहत किसी भी शिक्षक या कर्मचारी की ओर से फोन से या आवेदन पत्र भेजकर छुट्टी मांगने की कोशिश स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
इतना ही नहीं, ऐसा करने वाले शिक्षक को उस दिन गैरहाजिर भी माना जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब अवकाश स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से होगी, जिससे अनधिकृत अनुपस्थिति पर रोक लगाई जा सके। आदेश के तहत हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों के शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी एवं प्रधानाचार्य मानव संपदा पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी छुट्टी का आवेदन करेंगे। यह आवेदन संबंधित प्राधिकारी, जैसे प्रधानाचार्य या जिला विद्यालय निरीक्षक के पास ऑनलाइन स्वीकृति हेतु पहुंचेगा।