संतकबीरनगर। अपराधियों के लिए जिले से अब किसी वारदात को अंजाम देकर बचकर निकलना मुश्किल होगा। जिले के सभी चौक चौराहों पर 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी हो रही है। जिले में कुल 10,237 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसमें 156 खराब हैं। जिन्हें जल्द सही करा लिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने सीसीटीवी के जरिए कई वारदातों का खुलासा भी किया। अभी और उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की भी कवायद चल रही है।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। जनपद के तमाम स्थानों पर ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत भी काफी अत्याधुनिक कैमरे लगाए है। हाई फ्रिकवेंसी के इन कैमरों से अपराधियों को कैप्चर करना पुलिस के लिए काफी आसान हो गया है। पुराने कैमरे जो खराब हो गए हैं अब उनके स्थान पर हाई रोजोल्यूशन वाले पांच एमपी कैमरे लगाए जाएंगे।
यह कैमरे रात के समय में भी तस्वीर व फोटो साफ कैप्चर करेंगे, जिससे अब अपराधियों को बचकर निकलना काफी मुश्किल होगा। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास, समय माता मंदिर स्थान, बरदहिया चौकी, बैंक चौराहा पुलिस चौकी समेत सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने खुद अथवा जन सहयोग से कैमरे स्थापित कराए हैं। इसके अलावा प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी उच्च गुणवत्तापूर्ण कैमरे से लैस किया गया है।
ट्रैफिक पर भी रहेगी नजर
सीओ ट्रैफिक अभयनाथ मिश्र ने बताया कि कैमरे काफी कारगर साबित हो रहे हैं। कैमरे लगने से अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही शहर के यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी। जहां भी यातायात फंसेगा ट्रैफिक पुलिस कर्मी को कंट्रोल रूम से सूचना दी जाएगी। सूचना के बाद यातायात पुलिस कर्मी वहां पर पहुंचकर व्यवस्था को बहाल करने का काम करेंगे।