संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के तामेश्वरनाथधाम को काशी की तर्ज पर कॉरिडोर बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कॉरिडोर के लिए गिरधरपुर से नौरंगिया तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारी चल रही है। इसके लिए प्रशासन ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके लिए 1.3532840 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा। इससे 662 काश्तकार व भवन स्वामी प्रभावित होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांडवकालीन तामेश्वरनाथधाम को काशी विश्वनाथ की तर्ज भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। वर्तमान में 45.50 करोड़ रुपये की लागत से 4.30 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें 1.10 किमी फोरलेन और 3.20 किमी टू-लेन सड़क का निर्माण शामिल है।
यह सड़क मार्ग एनएच-328 ए नौरंगिया से तामेश्वरनाथधाम होकर महुई चौराहे पर मंझरिया-कटका मार्ग से जुड़ेगी। पूरे मार्ग पर विक्टोरिया लाइटें, सुव्यवस्थित पाथवे, डिवाइडर और हरियाली की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के ठहरने के लिए यात्री निवास बनाने के साथ ही यात्री हॉल का निर्माण होगा।
पोखरे का सुंदरीकरण और बीच में आने-जाने के लिए पुल, वाहन को खड़ा करने के लिए वाहन पार्किंग स्थल, सड़कों के चौड़ीकरण, गो आश्रय स्थल की स्थापना, नव ग्रह वाटिका, लॉन, हवन कुंड का निर्माण कराया जाएगा।
प्रशासन ने 16 नवंबर को सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें रामपुर, तामा, शिवशंकरपुर शामिल हैं, जहां भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसके साथ ही रामपुर में 11 भवन, तामा में 100 भवन और शिवशंकरपुर में 15 भवन भी शामिल हैं। जो सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे हैं।
इसके साथ ही नौरंगिया में तीन मंदिर भी इसके दायरे में हैं। नोटिस के साथ ही लोगों को आपत्ति दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।9