संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरौली। विकास खंड बेलहरकला अंतर्गत ग्राम भरवालिया बाबू में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण को लेकर शिकायतें सामने आने पर पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से चीनी कम दी जा रही है, जबकि अंत्योदय कार्डधारकों ने भी राशन कम मिलने की शिकायत की।
इसके अलावा लाभार्थियों ने उचित दर विक्रेता के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राशन प्राप्त करने के लिए उन्हें बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई जांच में शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उचित दर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, तथा उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त जवाब के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक अभिषेक कुमार ने कहा कि लाभार्थियों को मिलने वाले राशन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि भविष्य में ऐसी कोई शिकायत पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोटेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।