- एडीएम व एएसपी ने कलक्ट्रेट का निरीक्षण कर तैयारियों को दिया अंतिम रूम
- पार्टी प्रत्याशी समेत पांच व निर्दलीय समेत 10 लोग जा सकेंगे नामांकन कराने
- कलक्ट्रेट परिसर में मोबाइल फोन पर रहेगा प्रतिबंध
-तीन जगहाें पर बैरियर लगाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में प्रत्याशियों का नामांकन होगा। इसमें पार्टी प्रत्याशी समेत पांच लोग और निर्दलीय प्रत्याशी समेत 10 लोगों को कलक्ट्रेट में प्रवेश दिया जाएगा। 29 अप्रैल से कलक्ट्रेट में आम लोगों के प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। एडीएम जय प्रकाश व एएसपी शशिशेखर सिंह ने रविवार को कलक्ट्रेट का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
एडीएम जय प्रकाश ने बताया कि कलक्ट्रेट के डीएम कोर्ट में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन होगा। प्रत्याशियो के साथ आने वाले वाहनों को तहसील के पास ही रोक लिया जाएगा। प्रत्याशियों के साथ सिर्फ तीन वाहन आएंगे जो कलक्ट्रेट की तरफ मुड़ने वाले रास्ते में बैरिकेडिंग के पास रोक दिए जांगे। वहां से किसी वाहन को अंदर आने नहीं दिया जाएगा।
एडीएम ने बताया कि 29 अप्रैल से पूरी तरह से कलक्ट्रेट में आम लोगों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रत्याशी सिर्फ अपने साथ प्रस्तावक ही ला सकेंगे। कलक्ट्रेट परिसर में मोबाइल फोन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। तीन जगहाें पर बैरियर लगाया जाएगा। कोई भी वाहन कलक्ट्रेट परिसर में नहीं आएंगे। इस दौरान एएसपी शशि शेखर सिंह, एसडीएम शैलेश दुबे, अपर एसडीएम रमेश चंद्रा, सीओ सिटी ब्रजेश सिंह, कोतवाल आरके सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।