मामले की जांच में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील गेट के पास से रविवार को आठ लोगों का ग्राम पंचायत सदस्य पद का पर्चा (नामांकन पत्र) लेकर भाग जाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तामेश्वरनाथ निवासी संतोष कुमार भारती, प्रणव कुमार भारती, विश्वनाथ चौहान,रीता कुमारी,मीरा पाल,सुशीला, इलायती ने बताया कि वह लोग ग्राम पंचायत सदस्य पद का पर्चा भरने के लिए रविवार को खलीलाबाद तहसील परिसर में जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के निर्वाचित प्रधान के प्रतिनिधि डॉक्टर राम सुरेश पासवान करीब 25 लोगों के साथ घात लगाए बैठे थे। जैसे ही वे लोग गाड़ी से उतरे और पर्चा दाखिल करने जा रहे थे। तभी डॉ. राम सुरेश पासवान ने प्रणव कुमार भारती के हाथ से झोले में रखा पर्चा छीन कर रोहित कुमार भारती तथा शक्तिदत्त भारती,बालनंद पासवान,अमित कुमार भारती,संदीप गोस्वामी को सभी पर्चा दे दिया। पर्चा लेकर ये लोग गाड़ी से भाग गए। आरोप है कि लोगों ने प्रणव कुमार भारत को मारापीटा और धमकी भी दी। पर्चे के झोले में मनरेगा की फाइल भी थी,जो गांव में कार्य चल रहा था। कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में डॉक्टर रामसुरेेश पासवान, रोहित कुमार भारती, शक्तिदत्त भारती,बालानंद पासवान, अमित कुमार भारती और संदीप गोस्वामी के खिलाफ केस दर्ज किया गया ।