लॉक डाउन: दूसरे दिन सड़कों पर सन्नाटा, सतर्क रही पुलिस
नोडल अधिकारी व डीएम पहुंचे कोविड अस्पताल, जाना हाल
ग्रामीण क्षेत्रों में कराया गया सैनिटाइज, घर-घर सर्वे जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। चौराहों पर पुलिस जहां मुस्तैद दिखी वहीं बाजार बंद रहे। सड़कों पर आटो व अन्य वाहन भी नहीं चले। इस बीच जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार व डीएम रवीश गुप्ता सेंट थामस में बने कोविड अस्पताल पहुुंचे और निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता जांची और मरीजों से भी जानकारी ली। वहीं उन्होंने संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार होने के कारण कार्यालय और बैंक बंद रहे। इसके साथ ही हाट बाजार भी नहीं लगे। खलीलाबाद शहर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। हर आने-जाने से पूछताछ की गई, जिन्हें जरूरी था उन्हें भी जाने दिया गया। अन्य लोगों को इस चेतावनी के साथ वापस भेज दिया गया कि लॉकडाउन का पालन करें और घर पर ही रहें। प्रमुख चौराहों पर पुलिस के जवान जो इक्का दुक्का वाहन दिखे, उनकी चेकिंग की गई। आटो न चलने से बाहर से आने वाले लोगों को पैदल ही गंतव्य तक जाने को मजबूर होना पड़ा। इस बीच जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार व डीएम रवीश गुप्ता अचानक सेंट थामस में बने कोविड अस्पताल पहुुंचे और कोरोना मरीजों के लिए की गई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद नोडल अधिकारी व डीएम संयुक्त जिला अस्पताल पहुुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने सौ बेड के अस्पताल को भी देखा। बाहर की नाली की सफाई एवं जल जमाव को रोकने के लिए व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस दौरान सीएमओ डॉ.हरिगोविंद सिंह व सीएमएस डॉ.आईपी सिंह आदि मौजूद रहे। इधर ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड सर्वे में जुटे टीमें सर्वे के कार्य में लगी रही, कई गांवों में सैनिटाइज का कार्य हुआ। वहीं स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड जांच की गई।
लॉकडाउन के दूसरे दिन बखिरा कस्बे में सन्नाटा पसरा
बखिरा (संतकबीरनगर )। लॉकडाउन के अंतिम दिन रविवार को जिले के बखिरा कस्बे में सन्नाटा पसरा रहा। कस्बे में आने वाले रास्ते को बंद कर देने से साइकिल व बाइक भी नहीं दिखी। वहीं, पुलिस की सख्ती की जारी रही। रविवार को भी कस्बे की सारी दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। नायक टोला, मंगल बाजार, राजा मार्केट, प्राथमिक विद्यालय व सहजनवां तिराहे पर चौकी, बॉस व रस्सी के सहारे मार्ग को अवरुद्ध रहा। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बढ़ते कोरोना की वजह से स्थिति बिगड़ती ही जा रही है। बखिरा कस्बे में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले को देखते हुए कस्बे में सख्ती है। लोगों से मास्क लगाने व बगैर काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील लाउडस्पीकर द्वारा लगातार की जा रही है। पुलिस चौकी, सहजनवां तिराहा, अमरडोभा चौराहा, लेडुआ-महुआ समेत पूरे थाना क्षेत्र में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।