-बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे हैं वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में अभी भी 83,714 वाहन बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। जिन्हें एचएसआरपी लगवाने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है। इस समय सीमा के बाद भी एचएसआरपी न लगवाने वाले वाहन चालकों को पांच हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ेगा।
सड़कों पर अभी भी बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के हजारों वाहन दौड़ रहे हैं। इनके स्वामी भी एचएसआरपी के प्रति उदासीन बने हुए हैं। संभागीय परिवहन कार्यालय के अनुसार जिले में 2,38,478 वाहनों का पंजीकरण है, जिसमें से 1,54,764 वाहनों के स्वामियों ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लिया है, जबकि 83,714 वाहन स्वामियों ने अभी तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगवाई है, जबकि फरवरी 2024 तक ही नंबर प्लेट लगवाने की समय सीमा निर्धारित की गई थी।
वहीं सरकार ने अप्रैल 2019 से ही सभी प्रकार के वाहनों पर एचएसआरपी अनिवार्य कर दी। एक अप्रैल 2019 के बाद खरीदे जाने वाले सभी वाहनों पर रजिब्ट्रेशन के बाद से ही एचएसआरपी जारी किया जाने लगा। इससे पहले खरीदे गए वाहनों पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई जानी थी। कई बार विभाग के द्वारा समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद भी वाहन स्वामी इसको गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसका खामियांजा अब उनको जुर्माने के रूप में भुगतना पड़ेगा।
000000000000000000000
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
संभागीय परिवहन कार्यालय के जिम्मेदारों की मानें तो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए जन सामान्य ऑनलाइन आवेदन घर बैठकर कर सकता है। इसके लिए विभाग की तरफ से दो पहिया वाहन के लिए 500 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 1200 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसके लिए विभाग के पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। निर्धारित शुल्क का भुगतान करके वाहन स्वामी अपने नजदीकी शोरूम अथवा वर्कशाॅप पर अपना एचएसआरपी आसानी से मंगा सकते हैं।
000000000000000000000
150 व्यवसायिक वाहनों पर नही लगा है एचएसआरपी
जनपद में 150 व्यवसायिक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लग पाई है, जबकि इसके लिए विभाग की तरफ से अंतिम समय सीमा फरवरी में ही समाप्त हो चुकी है। ऐसे में अब विभाग की नजर कामर्शियल वाहनों पर ज्यादा है। वहीं विभागीय जानकारों की माने तो लगभग 40 प्रतिशत दो पहिया वाहन भी अभी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से वंचित हैं।
00000000000000000000000000
सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट पूरी तरह से अनिवार्य है। 30 जून तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगवाने वाले वाहन चालकों व स्वामियों से पांच हजार रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा। जिले में अभी तक लगभग 83714 वाहन स्वामियों ने एचएसआरपी नहीं लगवाया है। ऐसे वाहन स्वामी अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट तत्काल लगवा लें।
-प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ