सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार पर लगा ताला।
- फोटो : KHALILABAD
इमरजेंसी पर ताला, परेशान रहे मरीज
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। विकास खंड पौली के शनिचरा बाजार में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को इमरजेंसी सेवा पूरी तरह से बंद रही। जिससे मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशान होना पड़ा।
अस्पताल में रविवार के दिन भी आकस्मिक सेवाएं उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन सीएचसी शनिचरा बाजार में इसका पालन नहीं हो रहा है। रविवार को यहां की इमरजेंसी सेवा पूरी से बंद रही। इमरजेंसी कमरे में ताला लटक रहा था। इतना ही नहीं अन्य दिनों में भी अस्पताल खुलने व बंद होने का कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है। रविवार को अस्पताल पर इलाज कराने के लिए पहुंचे रामदेव, सूरज, जैश्री, मेवाती देवी, कौशिल्या आदि का कहना था कि बुखार, पेट दर्द, उल्टी की दवा लेने के लिए यहां आए थे, लेकिन अस्पताल की इमरजेंसी सेवा बंद है। इस कारण वापस लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अवकाश के दिन यह अस्पताल हमेशा बंद रहता है। अन्य दिनों में भी इसके खुलने और बंद होने का कोई समय निर्धारित नहीं है। रात में तो यहां पर डॉक्टर मिलते ही नहीं है। सीएचसी मलौली की दूरी ज्यादा है, लेकिन आकस्मिक सेवा के लिए वहां जाना मजबूरी है।
रविवार को अस्पताल में नर्स सीमा यादव और नीलम चौधरी मौजूद रही। अस्पताल बंद होने के बाबत पूछे जाने पर दोनों लोगों ने चुप्पी साध ली। इस संबंध में पूछे जाने पर अधीक्षक डॉक्टर उमेश चंद्रा का कहना है कि रविवार को यहां पर इमरजेंसी सेवा नहीं होती है। इमरजेंसी वाले मरीज सीएचसी मलौली जाते हैं। अन्य दिनों में अस्पताल समय से खुलता व बंद होता है। इमरजेंसी सेवा चालू रहती है। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह का कहना है कि सीएचसी शनिचरा बाजार पर चिकित्सक की कमी है। जिससे इमरजेंसी सेवा संचालित होने में दिक्कत है। चिकित्सक आने पर इमरजेंसी सेवा सभी दिनों संचालित की जाएगी।