आयुर्वेदिक चिकित्सालय हरिहरपुर में मरीज को दवा देते कर्मचारी।
- फोटो : KHALILABAD
चिकित्सक की तैनाती नहीं, फार्मासिस्ट के भरोसे लोगों की सेहत
क्षेत्र के आयुर्वेदिक अस्पतालों का हाल
हरिहरपुर। क्षेत्र के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में चिकित्सक की तैनाती न होने से लोगों की चिकित्सा का जिम्मा फार्मासिस्ट संभाल रहे हैं। कहीं उधार के चिकित्सक के कंधे पर लोगों की सेहत है तो कहीं डॉक्टर की तैनाती नहीं है।
महुली स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में फार्मासिस्ट रामवृक्ष और वार्ड ब्वॉय मधुबन यादव ड्यूूटी पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती नहीं है। दूसरे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गौरीदत्त मिश्र यहां से संबद्ध हैं, जो सप्ताह में दो दिनों के लिए आते हैं। फार्मासिस्ट ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप्र दूषित पानी दे रहा है। जिसके चलते तैनात कर्मचारियों को पानी की व्यवस्था बाहर से करनी पड़ती है। आयुर्वेदिक अस्पताल हरिहरपुर में भी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। फार्मासिस्ट सुधीश त्रिपाठी ने बताया कि सात महीने से यहां डॉक्टर नहीं हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन तीस से चालीस मरीज अस्पताल में इलाज कराने आते हैं। दवाएं भी अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।