मौलाना शमसुल हुदा खान के सील मदरसे । संवाद
- फोटो : जितेंद्र भारती।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के गोश्त मंड़ी रोड स्थित ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा खान के मदरसा कुल्लियतुल बनातिर रजविया में 336 छात्राओं का नामांकन है। मदरसा सील होने के 22 दिन बाद भी अधिकारी छात्राओं के पठन पाठन पर निर्णय नहीं ले पाए हैं। इससे छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। विभागीय जानकारों बताते हैं कि इस संबंध में रजिस्ट्रार मदरसा परिषद से पत्राचार भी किया गया है। वहां से कोई मार्ग दर्शन नहीं मिलने से असमंजस की स्थिति है। छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह से बाधित है।
शहर के गोश्त मंडी रोड पर संचालित मदरसा 2024 में डीएम कोर्ट के आदेश पर सीलकर दिया गया। इसके बाद प्रबंधतंत्र ने बगल में दूसरे भवन में मदरसे का संचालन शुरू कर दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी प्रबंधतंत्र छात्राओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हुआ। वहीं, ताबडतोड़ प्रशासनिक कार्रवाई के बाद छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। मदरसे में पजीकृत 336 छात्राओं का वर्तमान शिक्षा सत्र बचाने के लिए अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तरफ से रजिष्ट्रार मदरसा परिषद को पत्र भेजकर मार्ग दर्शन मांगा गया है। विभागीय जानकारों ने बताया कि खलीलाबाद शहर में एक भी ऐसा मदरसा नहीं है, जहां पर सभी पंजीकृत 336 छात्राओं को समायोजित किया जा सके। मदरसा परिषद से मार्गदर्शन के बाद ही विभाग की तरफ से इन छात्राओं का वर्तमान शिक्षा सत्र बचाने का कदम उठाया जाएगा।
-
भूमिगत हैं मौलाना के परिजन, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
कोतवाली खलीलाबाद में डीएमओ प्रवीन कुमार मिश्र की तरफ से केस दर्ज कराने और मदरसा सील होने के बाद से ही मौलाना के परिजन भूमिगत हो गए हैं। वहीं, पुलिस की तरफ से फेमा की तहत दर्ज मुकदमे में साक्ष्य संकलन का काम तेज कर दिया गया है। विवेचना में किसी भी स्तर की लापरवाही न हो, इसके लिए एसपी संदीप कुमार मीना की तरफ से टीमें गठित करके एएसपी को मानीटरिंग की जिम्मेदारी सौंप दी है, जिससे गुणवत्तापूर्ण विवेचना जल्द से जल्द पूरी हो सके।
-
रजिस्ट्रार मदरसा शिक्षा परिषद से मदरसा कुल्लियतुल बनातिर रजविया में पंजीकृत 336 छात्राओं के पठन-पाठन के संबंध में मार्गदर्शन के लिए पत्राचार किया गया है। वहां से मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद उसे क्रियान्वित किया जाएगा। -प्रवीन कुमार मिश्र, डीएमओ