- 17 व 18 फरवरी को 21 केंद्र पर आयोजित हुई थी परीक्षा
- कई केंद्र व्यवस्थापकों ने बाहर से की थी मैन पाॅवर की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में 17 व 18 फरवरी को आयोजित हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में किसी भी केंद्र को पारिश्रमिक नहीं मिला। जिले के 21 केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा चली थी। कई केंद्र व्यवस्थापकों ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जारी गाइडलाइन के मुताबिक बाहर से मैन पाॅवर की व्यवस्था किया था। जिनका भुगतान अभी बाकी है।
पुलिस भर्ती परीक्षा सभी केंद्रों पर व्यवस्थापक की देखरेख में परीक्षा पूर्ण कराई गई। पुलिस विभाग या परीक्षा कराने की जिम्मेदारी मिलने वाली कार्यदायी संस्था ने अभी तक कर्मचारियों व अधिकारियाें को पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया है। जनरेटर, इलेक्ट्रीशियन, कैमरामैन आदि का भुगतान लटका है। एक केंद्र पर लगभग व्यवस्थापक को बाहर से पुलिस भर्ती परीक्षा को संपन्न कराने के लिए लगभग 15 से 20 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ा। जो भुगतान के लिए अब केंद्र व्यवस्थापकों को घेर रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापक भी उनको भुगतान करने में असहाय दिखाई दे रहे हैं।
भुगतान न होने पर फिर से परीक्षा कराना होगा कठिन
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए केंद्रों पर भुगतान न होने से दोबारा परीक्षा कराना कठिन होगा। परीक्षा से जुड़े लोगों के मुताबिक किसी भी तरह की प्रतियोगी परीक्षा होने पर केंद्रों को तत्काल भुगतान कर दिया जाता है। ऐसा पहली बार हुआ है कि पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों का समय से भुगतान नहीं हो पाया है। जिसे लेकर केंद्र व्यवस्थापकों में काफी रोष है। उनका मानना है कि जिन शिक्षकों को सरकार से वेतन नहीं मिलता है। वह भी दो दिन तक परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग किए। इसके बाद भी उनका पारिश्रमिक न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों का भुगतान न होने का मामला संज्ञान में है। इसके लिए पुलिस भर्ती बोर्ड से पत्राचार किया गया है। धन प्राप्त होने के बाद सभी को भुगतान तत्काल कर दिया जाएगा।
- शशिशेखर सिंह, एएसपी