धर्मसिंहवा। स्थानीय कस्बा से शाम को रोडवेज की बस नहीं मिलने से यात्रियों को परेशानी होती है। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। लोगों ने शाम को तहसील मुख्यालय होकर लखनऊ तक रोडवेज बस चलाए जाने की मांग की है।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा परिवहन कनेक्टिविटी से अछूता है। यहां से सुबह में प्राइवेट और रोडवेज की बसें कई स्थानों पर जाती हैं पर शाम में यहां से तहसील, जिला या अन्य किसी स्थान पर जाने के लिए कोई सुगम व्यवस्था न होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शाम को तहसील या जिला मुख्यालय किसी को जाना हो तो बांसी-खलीलाबाद मुख्य मार्ग तक ई-रिक्शा से जाना पड़ता है। इसमें यात्रियों के अधिक पैसे खर्च हो जाते हैं। स्थानीय कस्बे के प्रहलाद अग्रहरि, ओमप्रकाश मोदनवाल, रामकुमार अग्रहरि, रामधनी अग्रहरि, बाबूराम अग्रहरि, महेंद्र सिंह, राजेश तिवारी, महेंद्र वर्मा, अष्टभुजा द्विवेदी, मोहम्मद उमर, सलीम रिजवी आदि ने धर्मसिंहवा कस्बे से शाम में तहसील मुख्यालय मेंहदावल होते हुए लखनऊ तक की रोडवेज बस संचालित किए जाने की मांग की है।