धनघटा। थाना क्षेत्र के मौर गांव में दो दिन पूर्व बच्चों के विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। मौर की अनीता देवी ने तहरीर दी कि शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे गांव निवासी चांदनी पुत्री रामउजागिर, सूरज पुत्र रामउजागिर, नीतू पत्नी रामउजागिर आदि दरवाजे पर आकर गाली दे रहे थे।
मना करने पर लाठी-डंडा से पीटने लगे। बचाव में आए पति व सास साधना व छोटी सास गुड्डी पत्नी जयचंद को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने चांदनी, सूरज आदि चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष से करमा पत्नी बुधई ने तहरीर में कहा कि बच्चों के मामूली विवाद में गुड्डी देवी पत्नी जयचंद, त्रिवेणी पुत्र मन्नी, अच्छे पुत्र हरीशचंद, अभिनव पुत्र जयचंद, साधना पत्नी हरीशचंद दरवाजे पर आ गए।
विरोध करने पर घर में घुसकर उनकी पुत्री वधु नीतू, नतिनी चादंनी, काजल को लाठी-डंडा व धारदार हथियार से मारा पीटा। तीनों की हालत गंभीर है। उन्हें सीएचसी हैंसर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों के नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद