फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: टीकाकरण के बाद नवजात बच्ची की मौत, अस्पताल में हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के एक निजी अस्पताल में टीकाकरण के कुछ देर बाद नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। शरीर नीला पड़ने के बाद परिजन ने डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारियों को कई बार सूचना दी। आरोप है कि समय पर कोई चिकित्सक बच्ची को देखने नहीं पहुंचा। करीब दो से तीन घंटे बाद डॉक्टर ने बच्ची की मौत की जानकारी परिजन को दी। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। मामले में बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को दी तहरीर में गोरखल गांव निवासी सुमित कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि उनकी पत्नी गर्भवती होने के बाद से बेबी लैंड हॉस्पिटल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर की चिकित्सक डॉ. सीमा कुमारी से उपचार करा रही थीं। 17 अगस्त को प्रसव के लिए पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद बेटी का जन्म हुआ। पिता का कहना है कि जन्म के बाद बच्ची स्वस्थ थी।
तहरीर के अनुसार 19 अगस्त को अस्पताल प्रशासन की ओर से बच्ची का टीकाकरण कराया गया। टीकाकरण के कुछ ही समय बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसका शरीर नीला पड़ने लगा। परिजन ने कई बार अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि मौके पर कोई डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं पहुंचा। करीब दो से तीन घंटे बाद डॉ. सीमा कुमारी ने परिजन को बच्ची की मौत की सूचना दी।
विज्ञापन

बच्ची की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। परिजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पिता ने तहरीर में बच्ची की मौत के लिए अस्पताल की चिकित्सक डॉ. सीमा कुमारी और उनके पति डॉ. विपिन कुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें