लोहरौली के पास पुलिया के नीचे पानी में मिला नवजात का शव
- ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के लोहरौली के पास पुल के नीचे पानी में बृहस्पतिवार की रात नवजात का शव मिला। सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोहरौली निवासी राम प्रकाश दूबे ने बताया कि पिपरा प्रथम- सेमरियावां मार्ग पर स्थित रमजितवा नाले पर बने पुल के नीचे पानी में नवजात का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बेलहर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को नाले से बाहर निकलवाया। घटना को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसने नवजात को यहां लाकर फेंका है इसकी भी जांच की जा रही है।