कांग्रेस कार्यालय पर पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि मनाई गई।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर रविवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि मनाई गई। जिलाध्यक्ष परवेज खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने नेहरू के कार्यकाल में हुए विकास की चर्चा की।
परवेज खान ने कहा कि पंडित नेहरू सशक्त राष्ट्र भक्त थे। उनके कार्यकाल में देश ने काफी प्रगति की। वह दूरगामी सोच रखते थे।
नेहरू जब प्रधानमंत्री बने तो उनके सामने विशाल चुनौती खड़ी थी। देश सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में काफी पिछड़ा था। समाज में ऊंचनीच, छूआछूत और भेदभाव चरम पर था। देश में सुई भी नहीं बनती थी। किसान मजदूरों आम नागरिकों की स्थित अतिदयनीय थी। नेहरू ने इन सब का डटकर मुकाबला किया। संपूर्ण भारत वर्ष को एकसूत्र में पिरोकर देश को तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया।
बच्चों में अत्यधिक लोकप्रिय चाचा नेहरू ने एक साथ जहां लाखों को रोजगार मुहैया कराया वहीं देश को गति प्रदान की। पूरे विश्व में भारत की साख स्थापित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के बारे में अपने विचार रखे। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव, उपाध्यक्ष अजय सिंह, महासचिव अंबिका राय, पीसीसी सदस्य सुनील पांडेय, महिला जिलाध्यक्ष शांती देवी, आसिम खान, शेषनाथ मौर्य, नगर अध्यक्ष संजय चौरसिया, राजीव गौड़, राधे यादव, सूर्य प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार, रामबचन चौरसिया, प्रद्युम्न कुमार समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।