संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए शुरू हुई अमृत योजना पौली क्षेत्र में जल निगम की लापरवाही के चलते अपने उद्देश्यों से भटक रही गई है। ग्राम पंचायतों में पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें उखाड़ दी गई, लेकिन सड़कों को समतल नहीं किया गया। न ही लीकेज की समस्या दूर हो सकी है। जिससे ग्रामीण जहां पानी कि समस्या से जूझ रहे हैं वहीं उखड़ी सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है।
ब्लाॅक क्षेत्र के पौली ,चंदौली माफी, छपरा मगर्वी ,महेश्वरपुर ,चकिया, परसहर में जल निगम द्वारा अमृत योजना के तहत शुरू हुई पेयजल परियोजना के लिए गांवों के मुख्य मार्ग सहित गलियों की सडकों को उखाड़ कर पाइप लाइन बिछा दी गई। सड़क समतल नही किया गया। क्षेत्र के हरिश्चंद्र, रामबीर, राम प्रसाद आदि का कहना है कि उखड़ी सडक से जहां आने-जाने वाले राहगीरों का रास्ता चलना दुश्वार है वही पानी सप्लाई होने पर पाइप लाइनों में जगह-जगह पानी का रिसाव होने से सड़क के गड्ढाें में पानी भर जाता है। जिससे लोग परेशान है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को समस्या के बारे में कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक को ध्यान नही दिया गया। इस संबंध में जल निगम ने अधिशासी अभियंता संजय जायसवाल ने कहा कि पता कर समस्याओं को दूर कराएंगे।