जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय मेगा लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर समेत समस्त तहसीलों में किया गया है।
इसके माध्यम से 10 हजार वादों का सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण होने के आसार है। मेगा लोक अदालत का उद्घाटन जिला जज मोहम्मद सैय्यद हसीब करेंगे।
राष्ट्रीय मेगा लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर और जनपद के मेंहदावल, खलीलाबाद तथा धनघटा तहसील पर एक साथ आयोजित होगा।
दीवानी न्यायालय परिसर में एक दिन पूर्व से ही लोक अदालत के आयोजन की तैयारी टेंट आदि लगाकर की जा रही है।
सिविल जज सीनियर डिवीजन संजय कुमार गौड़ ने बताया कि उत्तराधिकार, भरण पोषण, वैवाहिक मामले, स्थानीय विधियों के अंतर्गत मोटर अधिनियम, वन अधिनियम, किराएदारी आदि वादों का निस्तारण जनपद की जनता सुलह समझौते के माध्यम से कर सकती है।
उन्होंने जनपद वासियों से अधिक से अधिक मामले लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने की अपील की है।