जनसभा को संबोधित करते नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : Amar Ujala
महुली कस्बा स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में शुक्रवार को बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश और केंद्र की सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए उनकी नीतियों को समाज के लिए हानिकारक बताया। सपा को जहां गुंडाराज का पोषक बताया, वहीं मोदी सरकार को सपना दिखाने वाली सरकार बताया।
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार ने पांच साल में किसानों और नौजवानों के लिए कुछ नहीं किया। सपा-भाजपा ने मिलकर लगभग 500 दंगे कराए। गन्ना किसानों को उनका वाजिब मूल्य दिलाने में भी सरकार असफल रही। 2012 के चुनाव में मुसलमानों को आरक्षण देने का वादा कर भूल गई। सपा के ‘काम बोलता है’ पर चुटकी लेते हुए कहा कि यदि विकास हुआ है तो कांग्रेस से गठबंधन करने की नौबत क्यों आई। सभा में सीओ जियाउल हक, बिजनौर के सीओ तंजील अहमद की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि जब पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा।
नोटबंदी के मुद्दे पर भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि केंद्र में सरकार बनने पर विदेशों से काला धन वापस आएगा और हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये आएंगे। लेकिन केंद्र की सरकार ने पूरे देश की जनता को लाइन में खड़ा कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि चाय बेचने वाले के पास करोड़ों के कपड़े कहां से आए। तीन तलाक के मुद्दे पर कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस मामले में दखल देने वाले कौन हैं। उन्होंने लोगों को सांप्रदायिक शक्तियों से दूर रहने की नसीहत दी। जनसभा को प्रत्याशी नीलमणि, जिलाध्यक्ष झिनकान प्रसाद, सिराज अहमद, एमएलसी प्रदीप सिंह, कल्पनाथ बाबू, कुलदीप मणि मिश्र, अलीमुलकद, अब्दूल रब आदि ने भी संबोधित किया।